प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा के आवास और कार्यालयों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई पोर्नोग्राफी नेटवर्क से जुड़े एक मामले में की जा रही है, जिसमें राज कुंद्रा और उनके सहयोगियों पर अश्लील सामग्री बनाने और उसे ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर प्रसारित करने का आरोप है।
क्या है मामला?
राज कुंद्रा को 2021 में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह मामला तब सामने आया जब फरवरी 2021 में मुंबई पुलिस ने एक बड़े पोर्न रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस मामले में राज कुंद्रा को मुख्य आरोपी माना गया और उन पर आरोप था कि उन्होंने पोर्न फिल्म इंडस्ट्री में भारी निवेश किया और इसके जरिए एक अंतरराष्ट्रीय पोर्नोग्राफी नेटवर्क चलाया।
जून 2021 में राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया, लेकिन बाद में उन्हें सितंबर 2021 में जमानत मिल गई। आरोपों के मुताबिक, राज ने अपनी कंपनी ‘विहान एंटरप्राइजेज’ के माध्यम से अश्लील सामग्री को प्रसारित करने के लिए एक ऐप का इस्तेमाल किया था। यह वीडियो भारत में शूट किए गए और एक फाइल ट्रांसफर सर्विस के जरिए ब्रिटेन स्थित कंपनी ‘केनरिन’ को भेजे जाते थे।
राज कुंद्रा तक कैसे पहुंचे जांच अधिकारी?
मामले की शुरुआत तब हुई जब पुलिस ने मड आइलैंड पर छापेमारी कर एक पोर्न रैकेट का खुलासा किया। इस छापेमारी में टीवी एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ का नाम सामने आया, जिनसे मिली जानकारी के बाद पुलिस ने कुंद्रा के संबंधों का पता लगाया। पुलिस को यह भी पता चला कि उमेश कामत नामक व्यक्ति, जो कुंद्रा की कंपनी में काम करता था, अश्लील वीडियो लंदन स्थित राज के बहनोई प्रदीप बख्शी को भेजता था।
कानूनी पहलू क्या कहते हैं?
भारत में अकेले में पोर्नोग्राफी देखना अवैध नहीं है, लेकिन इसे बनाना, बेचना और साझा करना गैरकानूनी है। भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत अश्लील सामग्री पर सख्त कानून हैं। यदि कोर्ट यह मानती है कि कुंद्रा द्वारा बनाई गई सामग्री अश्लील थी, तो उन्हें 5 से 7 साल की सजा हो सकती है।
भारत में अश्लीलता पर क्या है कानून?
भारत में अश्लीलता के खिलाफ कई कानून मौजूद हैं, जैसे कि भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 292 और 293, जो अश्लील सामग्री के निर्माण और वितरण पर रोक लगाती हैं। इसके अलावा, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 और 67A इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री के प्रसारण पर प्रतिबंध लगाती है।
अब क्या आगे होगा?
राज कुंद्रा और उनके सहयोगियों के खिलाफ चल रही जांच ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को सकते में डाल दिया है। अब यह देखना होगा कि ED की छापेमारी के बाद इस मामले में और कितनी जानकारियां सामने आती हैं और राज कुंद्रा पर किस तरह के आरोप साबित होते हैं।